Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बच्चे के इलाज के बहाने एक महिला से दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी क्लिनिक संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी रिष्मा रमेशन ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुष्कर्म की यह घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हुटुकदाग में हुई है। आरोपी की पहचान संजय कुमार, निवासी रबदा, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के रूप में की गई है, जो गांव में एक निजी क्लिनिक का संचालन करता था।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका बच्चा लंबे समय से बीमार चल रहा था। पति के अधिकतर समय घर से बाहर रहने के कारण वह अपने ससुराल में रह रही थी। इलाज के लिए वह हुटुकदाग स्थित आरोपी के क्लिनिक पहुंची थी। वहां आरोपी ने बच्चे को सामान्य सर्दी बताते हुए उसे भांप देने के बहाने क्लिनिक से सटे एक मकान में ले गया।
आरोप है कि उसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। बावजूद इसके पीड़िता ने साहस दिखाते हुए छतरपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की और आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई महिला इस तरह की दरिंदगी का शिकार न बने।

