चक्रधरपुर : श्रावणी मेला के दौरान महादेवशाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने महादेवशाल (MXW) रेलवे स्टेशन पर 22 जोड़ी यात्री ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों का महादेवशाल स्टेशन पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस फैसले से श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध महादेवशाल मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी।
अस्थायी ठहराव पाने वाली ट्रेनों में बीएमपीआर-राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस, दानापुर-दुर्ग एक्सप्रेस, हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस, हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस, पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, संबलेश्वरी एक्सप्रेस, टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, चक्रधरपुर-राउरकेला सरंडा मेमू और टाटानगर-राउरकेला मेमू सहित कुल 22 जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं।
यह जानकारी दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी-सह-वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें और सुरक्षित एवं सुगम सफर सुनिश्चित करने के लिए रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें।



