New Delhi : सुरक्षित और गारंटीड रिटर्न की तलाश कर रहे निवेशकों के लिए पोस्ट ऑफिस की रेकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। सरकार द्वारा संचालित होने के कारण इस योजना में निवेश पूरी तरह जोखिम-मुक्त माना जाता है और इस पर आकर्षक ब्याज भी दिया जाता है। खास बात यह है कि इस स्कीम के जरिए रोजाना सिर्फ 333 रुपये की छोटी बचत से लंबी अवधि में ₹17 लाख से ज्यादा का फंड तैयार किया जा सकता है।
6.7% ब्याज के साथ सुरक्षित निवेश
Post Office RD Scheme में फिलहाल निवेश पर 6.7% वार्षिक ब्याज दिया जा रहा है। इस योजना के तहत कोई भी व्यक्ति केवल 100 रुपये की न्यूनतम राशि से खाता खोल सकता है। नाबालिगों के लिए भी अकाउंट खोलने की सुविधा है, जिसमें माता-पिता या अभिभावक निवेश कर सकते हैं। 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद निवेशक को नया KYC और अकाउंट फॉर्म भरना होता है।
मैच्योरिटी और एक्सटेंशन की सुविधा
पोस्ट ऑफिस RD अकाउंट की मूल मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है। हालांकि, निवेशक चाहे तो इसे अगले 5 साल के लिए बढ़ा सकता है। इसके अलावा, 3 साल पूरे होने के बाद प्री-मैच्योर क्लोजर की सुविधा भी उपलब्ध है। अकाउंट होल्डर की मृत्यु की स्थिति में नॉमिनी इस अकाउंट को क्लेम कर सकता है या जारी रख सकता है।
कैसे बनेंगे ₹17 लाख
अगर कोई निवेशक रोजाना 333 रुपये यानी करीब ₹10,000 प्रति माह निवेश करता है, तो 5 साल में कुल जमा राशि ₹6 लाख होगी। इस पर करीब ₹1.13 लाख ब्याज मिलेगा। यदि यही निवेश अगले 5 साल तक जारी रखा जाए, तो कुल जमा ₹12 लाख हो जाती है और ब्याज बढ़कर लगभग ₹5.08 लाख हो जाता है। इस तरह 10 साल में कुल ₹17.08 लाख का फंड तैयार हो सकता है।
इस RD स्कीम की खासियत यह है कि एक साल बाद जमा राशि का 50% तक लोन के रूप में लिया जा सकता है। लोन पर ब्याज दर जमा ब्याज से सिर्फ 2% अधिक होती है। यह योजना छोटे निवेशकों के लिए “छोटा पैकेट, बड़ा धमाका” साबित हो रही है।



