मैकलुस्कीगंज में 0.7 डिग्री तापमान, दो दिन और सताएगी कड़ाके की ठंड
Ranchi : शीतलहर और घने कुहासे की चपेट में पूरा झारखंड कांप रहा है। बुधवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। खूंटी समेत चार जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। रांची से सटे मैकलुस्कीगंज में तो पारा गिरकर 0.7 डिग्री पर पहुंच गया, जहां सुबह ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो गईं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिन भी कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी। इसे देखते हुए रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए शीतलहर और शीतदिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
🔹 सफेद चादर से ढके खेत-खलिहान
बुधवार सुबह मैकलुस्कीगंज स्थित राणा कंट्री कॉटेज में 0.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो खेत-खलिहान सफेद चादर से ढके नजर आए।
चीनाटॉड इलाके में पुआल पर जमी ओस की बूंदें पूरी तरह बर्फ बन चुकी थीं। कई वाहनों की छतों पर भी बर्फ जैसी परत जमी दिखी। कड़ाके की ठंड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। कांके में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री दर्ज किया गया।
🔹 घना कुहासा, उड़ानों पर असर
राज्य के कई जिलों में कुहासा घना रहा। पलामू में दृश्यता सबसे कम 300 मीटर दर्ज की गई, जबकि देवघर में यह 600 मीटर रही। रांची में सुबह का मौसम तुलनात्मक रूप से कुछ हद तक साफ रहा।
कुहासे के कारण इंडिगो की कोलकाता–रांची और पुणे–रांची उड़ानें करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं।
🔹 आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक सर्द हवाओं के कारण कनकनी बनी रह सकती है और कहीं-कहीं शीतदिवस की स्थिति रहेगी।
हालांकि, दो दिन बाद मौसम में बदलाव की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
🔹 विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान (°C)
-
मैकलुस्कीगंज: 0.7
-
कांके: 2.0
-
खूंटी: 2.1
-
लोहरदगा: 3.7
-
मेदिनीनगर: 4.1
-
बोकारो: 4.4
-
सरायकेला: 5.4
-
सिमडेगा: 5.2
-
चाईबासा: 5.5
-
हजारीबाग: 5.5
-
रांची: 6.6
-
पाकुड़: 7.4
-
देवघर: 7.6
-
जमशेदपुर: 7.7
-
कोडरमा: 8.2
-
लातेहार: 8.6



