Khunti : झारखंड के खूंटी-चाईबासा मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की गार्डवॉल तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार चारों युवक घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मुरहू पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज और गौरव कुमार के रूप में हुई है, जबकि कार चला रहे मिथुन कुमार को मामूली चोटें आई हैं। सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस को पहचान सत्यापित करने में हो रही परेशानी
पूछताछ के दौरान युवकों ने खुद को बिहार की राजधानी पटना का निवासी बताया, लेकिन कोई भी अपना स्पष्ट पता नहीं बता सका। किसी ने कंकड़बाग, किसी ने बरिया बस स्टैंड तो किसी ने राजेंद्र नगर का पता बताया। अलग-अलग जानकारी मिलने के कारण पुलिस को उनकी पहचान सत्यापित करने में कठिनाई हो रही है।
डॉक्टर ने जताई नशे की आशंका
घायलों का इलाज कर रहे डॉ. रंजय बाला ने बताया कि सभी युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि शराब के अलावा किसी अन्य मादक पदार्थ का भी सेवन किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और नशे की आशंका के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पहले पुल की गार्डवॉल से टकराई, उसे तोड़ते हुए आगे बढ़ी और करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी।
मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवक कहां से आ रहे थे, उनका वास्तविक पता क्या है और दुर्घटना से पहले वे किन स्थानों पर गए थे। मेडिकल जांच और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



