Ranchi : उपराष्ट्रपति पद के विपक्षी उम्मीदवार न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बी. सुदर्शन रेड्डी ने सभी सांसदों से समर्थन की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव की गरिमा और संविधान की रक्षा बनाए रखना आवश्यक है।
शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरकारी आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में न्यायमूर्ति रेड्डी ने कहा, “मैं पिछले 45 वर्षों से संविधान की रक्षा कर रहा हूं। देश में वर्तमान माहौल को देखते हुए मेरी अंतरात्मा ने मुझे यह चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया।”
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर समर्थन मांगा और कहा कि संविधान की प्रस्तावना इसकी आत्मा है। उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कोर्ट ने आरोप खारिज कर दिए थे, फिर भी उन्हें गिरफ़्तार किया गया, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को पत्र भेजा गया है और संभव हो तो भाजपा नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्टि की कि न्यायमूर्ति रेड्डी की जीत सुनिश्चित करने को लेकर रणनीतिक चर्चा हुई है। उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा।






