जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ पूर्व स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता की पत्नी सूरजमनी सोरेन, पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन तथा अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “गुरुजी (शिबू सोरेन) के निधन के कुछ ही दिनों बाद रामदास सोरेन जी का भी आकस्मिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं, यह दर्शाता है कि रामदास सोरेन जी लोगों के दिलों में कितनी गहरी जगह रखते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी ओर से भी रामदास सोरेन जी को शत-शत नमन, विनम्र श्रद्धांजलि।”



