- पराठा चौक से पिग्री फार्म वेटरिनरी व शिव मंदिर तक हुई साफ-सफाई, ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान में जुड़ने की अपील
मुकेश रंजन
Ranchi : स्वच्छ और सुंदर पंचायत के निर्माण के उद्देश्य से अरसंडे पंचायत ने प्रत्येक रविवार को नियमित स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में रविवार को पराठा चौक से पिग्री फार्म वेटरिनरी एवं शिव मंदिर तक व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। सुबह छह से आठ बजे तक चले अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, समाजसेवियों, मॉर्निंग वॉकर ग्रुप के सदस्यों और कल्याण गुरुकुल अरसंडे के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पंचायत सहायक चंद्रदीप कुमार ने बताया कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। प्रत्येक रविवार सुबह 6 से 8 बजे तक अभियान चलाया जाएगा। धीरे-धीरे इसे पूरे पंचायत क्षेत्र तक विस्तारित करने की योजना है। उन्होंने पंचायत के ग्रामीणों, समाजसेवियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा कल्याण गुरुकुल के प्राचार्य और विद्यार्थियों से अभियान में नियमित रूप से शामिल होने की अपील की।
सार्वजनिक स्थल पर कचरा नहीं फेंकने की अपील
अभियान के दौरान पंचायत की ओर से दुकानदारों और मकान मालिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने का आग्रह किया गया। पंचायत की ओर से बताया गया कि प्रखंड परिसर के अंदर कचरा डालने के लिए शेड की व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील की गई कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि एक ही स्थान से कचरे का उठाव कर क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सके।
पंचायत सहायक ने कहा कि स्वच्छता केवल पंचायत या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही अरसंडे को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त पंचायत बनाया जा सकता है।
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
रविवार को आयोजित स्वच्छता अभियान में पंचायत सहायक चंद्रदीप कुमार, बेनू दा, मुकेश, अमित, राजू, पप्पू सहित कल्याण गुरुकुल के विद्यार्थी और मॉर्निंग वॉकर ग्रुप के सदस्य शामिल हुए। सभी ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और नियमित रूप से अभियान में भाग लेने का संदेश दिया।




