Lucknow : राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश (RSM-UP) की तकनीकी इकाई के लिए हुए प्रदेश स्तरीय चुनाव में स्वदेश कुमार सिंह को पुनः प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। ग्रेटर नोएडा स्थित जीआईएमएस संस्थान के सीईओ और गुरु एजुकेशनल स्किल फाउंडेशन के प्रबंध निदेशक स्वदेश कुमार सिंह का निर्वाचन लखनऊ स्थित संघ कार्यालय में संपन्न हुआ।
अवैध प्रवासियों की मुश्किलें बढ़ीं, बिना सुनवाई भेजे जाएंगे हिरासत में
निर्वाचन अधिकारी दिलीप सरदेसाई ने घोषणा की कि सभी 52 पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। साथ ही प्रोफेसर सुनील मिश्रा को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
अपने पुनर्निर्वाचन पर स्वदेश कुमार सिंह ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं — महेन्द्र कपूर, महेन्द्र कुमार, भगवती सिंह और संतोष कुमार सिंह — का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“संगठन की निष्ठा, पारदर्शिता और तकनीकी शिक्षा के विकास हेतु मैं दिन-रात एक कर पूरी लगन से कार्य करता रहूंगा।”
प्रो. सुनील मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि अब संगठन को प्रदेश भर में खंड, मंडल व जनपद स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। IIT कानपुर, MNNIT प्रयागराज, IIIT प्रयागराज, AKTU लखनऊ व सभी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी संस्थानों के बीच की खाई को पाटने, समानता स्थापित करने, और विश्वविद्यालय सेवा नियमावली लागू करने हेतु राज्य सरकार से समन्वय किया जाएगा। इससे शिक्षक वर्ग में सामंजस्य बढ़ेगा और संगठन की शक्ति भी।
स्वदेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा नॉलेज पार्क में स्थित 60 से अधिक कॉलेजों के लिए इंटीग्रेटेड टीचिंग-लर्निंग-ट्रेनिंग स्टार्टअप सेंटर स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय कौशल को एक प्लेटफ़ॉर्म पर लाकर उसे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। चुनाव में राज्य भर के शिक्षकों और प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

