Ranchi: नवरात्रि पर्व के समापन पर पिठोरिया में मां भवानी की प्रतिमा का विसर्जन पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूर्वाह्न में नव पत्रिका की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शाम को विसर्जन यात्रा में ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों के साथ भक्तों ने मां भवानी की आराधना की। भजन-कीर्तन और माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय नया तालाब में पूजा-अर्चना के पश्चात प्रतिमा का विसर्जन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने अश्रुपूरित नेत्रों से मां को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। दुर्गा पूजा के आयोजन में पूजा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सनातन धर्मावलंबियों का सराहनीय योगदान रहा।



