Ranchi : राजधानी रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर कुत्ते को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई है। आरोपी खुलेआम रायफल लेकर सड़क पर घूम रहा था और उसने निशाना लगाकर एक निर्दोष कुत्ते की गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें तीन व्यक्ति एक साथ सड़क पर चलते दिख रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि उनमें से एक व्यक्ति के हाथ में रायफल है। कुछ दूरी तय करने के बाद वह व्यक्ति एक सड़क किनारे बैठे कुत्ते पर निशाना साधता है और गोली चला देता है। गोली लगते ही कुत्ते की मौके पर ही मौत हो जाती है।
इस घटना के बाद टाटीसिलवे थाना पुलिस हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि आरोपी के पास रायफल का लाइसेंस था या नहीं, और वह सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर क्यों घूम रहा था।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। जानवरों के प्रति इस प्रकार की हिंसा ने पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों को भी चिंतित कर दिया है। वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



