Dhanbad : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन में रविवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने सुतली बम से हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। पहला बम सिंह मेंशन के गेट के अंदर जाकर फटा, जहां आमतौर पर लोगों और समर्थकों की बैठक होती है। दूसरा बम परिसर के बाहर गिरा। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
धमाके से मची अफरा-तफरी
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय झरिया विधायक रागिनी सिंह और उनके पति पूर्व विधायक संजीव सिंह सिंह मेंशन के अंदर ही मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनकर सुरक्षा गार्ड और अन्य लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व विधायक संजीव सिंह से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंह मेंशन में लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
दहशत फैलाने की कोशिश की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फेंका गया बम सुतली बम था, जिससे बड़े नुकसान की आशंका नहीं थी। पुलिस को शक है कि यह हमला दहशत फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब पूर्व विधायक संजीव सिंह ने नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। वे मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं। नामांकन से ठीक दो दिन पहले हुई इस बमबाजी को डराने की कोशिश या राजनीतिक साजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

