रांची: रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में कोई बच्चा सवार नहीं था।
Also Read: पलामू में कुएं से युवती का शव बरामद, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
ओवरटेक करने के दौरान पलटी बस
जानकारी के अनुसार, बाल विकास स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेने के लिए हर्रा गांव जा रही थी। लेपसर के पास चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
बस पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत चान्हो थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बस को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बच्चों के बस में नहीं होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।


