New Delhi : देशभर के करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। सरकार ने एलपीजी सब्सिडी को जारी रखने के लिए आधार आधारित e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। राहत की बात यह है कि अब यह प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त, आसान और घर बैठे मोबाइल से पूरी की जा सकती है।
सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एलपीजी सब्सिडी सही और वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे तथा फर्जी या डुप्लीकेट गैस कनेक्शन पर रोक लगाई जा सके। इसी के तहत आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण को जरूरी किया गया है। यदि किसी उपभोक्ता ने समय रहते e-KYC पूरा नहीं कराया, तो उसकी गैस सब्सिडी रोकी जा सकती है और भविष्य में सिलेंडर मिलने में भी दिक्कत आ सकती है।
घर बैठे मोबाइल से LPG e-KYC कैसे करें?
एलपीजी e-KYC की प्रक्रिया बेहद सरल है। उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन से कुछ मिनटों में इसे पूरा कर सकते हैं—
-
मोबाइल ब्राउज़र में https://pmuy.gov.in/e-kyc.html वेबसाइट खोलें।
-
अपनी तेल विपणन कंपनी (IOC, BPCL या HPCL) का चयन करें।
-
Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें।
-
स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार फेस स्कैन करें।
-
फेस स्कैन सफल होते ही आपका आधार प्रमाणीकरण पूरा हो जाएगा।
इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता और गैस एजेंसी जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
PM उज्ज्वला योजना लाभार्थियों के लिए क्यों जरूरी है e-KYC?
PMUY लाभार्थियों को मिलने वाली ₹300 तक की लक्षित सब्सिडी पाने के लिए आधार e-KYC अनिवार्य कर दी गई है। समय पर e-KYC नहीं कराने पर—
-
सब्सिडी बंद हो सकती है
-
गैस कनेक्शन अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो सकता है
-
सिलेंडर बुकिंग में परेशानी आ सकती है
मदद कहां से लें?
यदि e-KYC के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उपभोक्ता अपने नजदीकी एलपीजी वितरक से संपर्क कर सकते हैं या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर कॉल कर सहायता ले सकते हैं।
सरकार ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द आधार e-KYC पूरा कराने की अपील की है।

