Ranchi : “भ्रष्टाचार की ईंट उखाड़ो, जनहित की नींव मजबूत करो”—इसी नारे के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांके प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष भ्रष्टाचार और बदहाल प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रखंड स्तरीय “आक्रोश दर्शन” कार्यक्रम में कांके, पिठोरिया और मेसरा मंडल के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता व आम नागरिक शामिल हुए।
Also Read : कांके विधानसभा में जनचेतना की नई लहर, भाकपा (माले) को मिला जनसमर्थन
इस प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष प्रभात भूषण, गोपाल महतो और महानंद महतो ने संयुक्त रूप से किया। वक्ताओं ने एक स्वर में आरोप लगाया कि कांके प्रखंड कार्यालयों में भ्रष्टाचार और जनविरोधी रवैये के चलते आम जनता त्रस्त है। कार्यों में अनावश्यक देरी, घूसखोरी और लापरवाही जैसे मुद्दे आम हो चुके हैं।
राज्यसभा सांसद व भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य प्रसाद साहू ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, “सरकार की नाकामी ने गांव-गांव में असंतोष फैला दिया है। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।”
प्रदर्शन में झारखंड मुखिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोमा उरांव, जिप सदस्य सुषमा देवी, किरण देवी, मुखिया मुन्नी मुंडा, रामलखन मुंडा, रितेश तिवारी, धर्मेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की और कहा कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जनता की सहनशीलता की परीक्षा न ली जाए। यदि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर रोक नहीं लगी, तो पार्टी जनहित में बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी।
इस आंदोलन ने स्पष्ट कर दिया है कि कांके विधानसभा क्षेत्र झारखंड सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है, और यदि हालात नहीं बदले, तो आने वाले चुनाव में इसका असर राजनीतिक समीकरणों पर निश्चित रूप से पड़ेगा।



