Ranchi : झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह हल्का कोहरा छाने के बाद आंशिक बादल देखे जा सकते हैं। संभावित बारिश वाले जिलों में रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।
रांची का तापमान कैसा रहेगा?
रांची में इस दौरान अधिकतम तापमान 28–30°C और न्यूनतम 12–14°C के आसपास रहने का अनुमान है। 29 जनवरी से 1 फरवरी तक राजधानी में सुबह हल्का कोहरा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा।
कई जिलों में बढ़ रहा पारा
जनवरी के अंत की ओर बढ़ते ही झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार को चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8°C और न्यूनतम 13.2°C रिकॉर्ड किया गया।

