किशनगंज: अपने नेपाली प्रेमी से मिलने के लिए अमेरिका से करीब 13 हजार किलोमीटर की यात्रा कर नेपाल पहुंची एक युवती सोमवार को बिहार के किशनगंज जिले के दिघलबैंक बाजार पहुंच गई। वह अपने नेपाली प्रेमी के साथ खरीदारी करने आई थी। नेपाल लौटते समय भारत-नेपाल सीमा के पास SSB के जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। विदेशी युवती की मौजूदगी को देखते हुए जवानों ने उसके दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद युवती को दिघलबैंक थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब उसकी यात्रा और भारत में प्रवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
सोशल मीडिया से हुई थी नेपाली युवक से दोस्ती
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी युवती की कुछ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए नेपाल के रहने वाले एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। अपने प्रेमी से मिलने के लिए युवती पहले अमेरिका से भूटान पहुंची। इसके बाद सड़क के रास्ते करीब 800 किलोमीटर की दूरी तय कर नेपाल गई और वहां अपने नेपाली प्रेमी के साथ रहने लगी।
खरीदारी के लिए पहुंची थी दिघलबैंक बाजार
सोमवार को युवती अपने नेपाली प्रेमी के साथ खरीदारी करने के लिए दिघलबैंक बाजार आई थी। बाजार भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है। खरीदारी के बाद दोनों नेपाल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 130 के पास तैनात SSB की 12वीं वाहिनी के जवानों की नजर दोनों पर पड़ी। विदेशी नागरिक को देखकर जवानों ने दोनों को रोक लिया और पूछताछ शुरू की।
दस्तावेजों की हो रही जांच
पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अमेरिका की नागरिक है और उसके साथ मौजूद युवक नेपाल का रहने वाला है। उसने SSB को अपनी दोस्ती और नेपाल आने की जानकारी भी दी। इसके बाद SSB ने युवती के यात्रा दस्तावेजों की जांच की और उसे दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भारत, नेपाल और भूटान की उसकी यात्रा से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि युवती के पास भारत में प्रवेश करने के लिए जरूरी वीजा और अन्य अनुमति थी या नहीं। शुरुआती जानकारी में उसके किसी आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधि से जुड़े होने की बात सामने नहीं आई है। हालांकि, सीमा क्षेत्र में विदेशी नागरिक की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।


