- मधेपुरा के सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, 5 श्रद्धालु घायल; एक की हालत गंभीर
मधेपुरा। सावन की चौथी सोमवारी पर सिंहेश्वर धाम में भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। करीब 15 मिनट तक चली अफरातफरी में पांच श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा में भर्ती कराया गया है। ग्रिल से टकराकर गिरने के दौरान एक श्रद्धालु के सिर में गंभीर चोट लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों में सुपौल के सिंटू कुमार, सहरसा के जलसीमा की रूना देवी, मधेपुरा के ग्वालपाड़ा की सुलेना देवी और एक अज्ञात महिला श्रद्धालु शामिल हैं।
रात एक बजे श्रद्धालुओं के लिए खोला गया मंदिर का पट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में रात 12:30 बजे सरकारी पूजा शुरू हुई। इसके बाद रात करीब एक बजे बाबा का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।
मंदिर के बाहरी परिसर में मुख्यद्वार के बगल से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कराया जा रहा था। भारी भीड़ को देखते हुए मुख्यद्वार खोलने के बाद अलसुबह करीब चार बजे अफरातफरी मच गई।
ग्रिल से टकराने पर श्रद्धालु को गंभीर चोट
अफरातफरी के दौरान चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं को चोटें आईं। आधे दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की बात कही गई है।
एक श्रद्धालु ग्रिल से टकराकर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और सिर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सावन सोमवार पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सावन का सोमवार होने के कारण शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के कारण कई बार अफरातफरी जैसी स्थिति बन जाती है।
हाल ही में लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भी भगदड़ की घटना हुई थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी।



