Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग जिले के लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जेल के एक वार्ड में एक नक्सली विचाराधीन कैदी का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय छोटा श्यामलाल देहरी उर्फ संतु देहरी उर्फ सोमालाल देहरी के रूप में की गई है।
Also Read : अस्पताल नहीं चाहिए हमारी जमीन पर, नगड़ी में जनआंदोलन की चेतावनी
जानकारी के अनुसार, मृतक को 9 फरवरी 2021 को दुमका केंद्रीय कारा से स्थानांतरित कर हजारीबाग जेल लाया गया था। वह नक्सली गतिविधियों से जुड़े आठ गंभीर मामलों में विचाराधीन था।
शनिवार सुबह जब जेल में बंदियों की गिनती की जा रही थी, तो श्यामलाल अपनी जगह मौजूद नहीं था। तलाशी अभियान चलाए जाने पर उसका शव वार्ड डी में फंदे से लटका मिला। जेल चिकित्सकों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे मृत घोषित किया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। वहीं, जेल प्रशासन ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और अन्य संबंधित विभागों को मामले की सूचना दे दी है। मृतक के परिजनों को भी खबर दे दी गई है और वे हजारीबाग के लिए रवाना हो चुके हैं।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले इसी जेल में एक अन्य सजायाफ्ता कैदी ने भी आत्महत्या कर ली थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैदी ने किन परिस्थितियों में और किन कारणों से यह कदम उठाया।
झारखंड में नक्सली गतिविधियों और जेलों में कैदियों की सुरक्षा को लेकर यह घटना एक बार फिर बहस का मुद्दा बन गई है।



