Ranchi : 30 नवंबर को JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले भारत बनाम साउथ अफ्रीका ODI मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का जुनून अपने चरम पर है। मैच से पहले टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली रांची पहुंच चुके हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी खिलाड़ी क्विंटन डी कॉक भी शहर पहुंच चुके हैं, जहां जेएससीए प्रतिनिधियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
भारत और साउथ अफ्रीका टीम के बाकी खिलाड़ी 27 नवंबर को चार्टर्ड प्लेन से रांची पहुंचेंगे। टीमों के आगमन से पहले स्टेडियम और शहर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
टिकट बिक्री केंद्रों पर उमड़ी भीड़
ODI मुकाबले को लेकर शहर में भारी उत्साह देखा जा रहा है। ऑफलाइन टिकट जारी होने के बाद से विभिन्न काउंटरों पर दर्शकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। JSCA की ओर से कुल 6 टिकट काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें से 1 काउंटर विशेष रूप से महिलाओं के लिए रखा गया है, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के टिकट मिल सके।
टिकटों की बिक्री सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जा रही है। ध्यान देने योग्य बात यह है कि गोद में लिए बच्चों के लिए भी टिकट अनिवार्य है। वहीं, ऑनलाइन टिकट की बात करें तो अब तक 6,500 टिकट बिक चुके हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मैच के दिन स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
टिकट काउंटरों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। स्टेडियम परिसर और आस-पास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश द्वारों पर पुलिस तैनाती तथा पार्किंग प्रबंधन को लेकर अलग से व्यवस्था की गई है।
टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए भी विशेष टीमों की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मैच के दिन सुरक्षा और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
रांची में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह यह दर्शाता है कि भारत–साउथ अफ्रीका के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।

