- LPG e-KYC की डेडलाइन आज 31 अगस्त को खत्म हो रही है। Indane, Bharat Gas और HP Gas के ग्राहकों को आधार ऑथेंटिकेशन से सत्यापन पूरा करना जरूरी है।
New Delhi : घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए आज, 31 अगस्त, जरूरी तारीख है। LPG e-KYC पूरी करने की डेडलाइन खत्म हो रही है। Indane Gas, Bharat Gas और HP Gas इस्तेमाल करने वाले जिन ग्राहकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें सत्यापन पूरा होने तक घरेलू दर पर LPG सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है।
तेल कंपनियां इस प्रक्रिया की डेडलाइन पहले दो बार बढ़ा चुकी हैं। पहले इसकी अंतिम तारीख 16 अगस्त थी, जिसे बढ़ाकर 23 अगस्त किया गया था। इसके बाद ग्राहकों को एक और राहत देते हुए डेडलाइन 31 अगस्त तक बढ़ाई गई।
कंपनियों ने ग्राहकों को भेजे संदेश में कहा है कि जो उपभोक्ता ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, वे सत्यापन पूरा होने तक घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर पाने के लिए अपात्र हो सकते हैं।
LPG e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?
LPG e-KYC पूरी नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहक का कनेक्शन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा। हालांकि, सत्यापन पूरा होने तक घरेलू दर पर सिलेंडर मिलने में परेशानी आ सकती है और संभावित रूप से लागू कमर्शियल रेट का भुगतान करना पड़ सकता है।
इसका सीधा असर ग्राहक के बजट पर पड़ सकता है। वहीं, जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है।
घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बड़ा अंतर
फिलहाल 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है।
वहीं, 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,738 रुपये, मुंबई में 2,691.50 रुपये, कोलकाता में 2,872.50 रुपये और चेन्नई में 2,906 रुपये है। कुछ शहरों में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 3,000 रुपये से भी अधिक है।
ऐसे में घरेलू दर पर सिलेंडर पाने की पात्रता प्रभावित होने पर LPG की लागत काफी बढ़ सकती है।
किन LPG ग्राहकों के लिए जरूरी है e-KYC?
गैस कंपनियों और तेल मंत्रालय की ओर से LPG e-KYC को लेकर ग्राहकों को पहले ही अलर्ट किया जा चुका है। यह प्रक्रिया Indane Gas, Bharat Gas और HP Gas का इस्तेमाल करने वाले घरेलू LPG उपभोक्ताओं पर लागू होती है।
तेल कंपनियों की ओर से भेजे गए संदेशों में कहा गया है कि जिन ग्राहकों ने अब तक ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उनके लिए सत्यापन पूरा करना जरूरी है। जिन ग्राहकों ने पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें इसे दोहराने की आवश्यकता नहीं है।
Indane ग्राहकों के लिए e-KYC का तरीका
इंडियन ऑयल के ग्राहक घर बैठे IndianOil ONE App के जरिए LPG e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा LPG डिस्ट्रीब्यूटर या डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी गई है।
ई-केवाईसी में ग्राहक के सत्यापन के लिए आधार ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए आधार कार्ड या आधार नंबर, LPG कनेक्शन से जुड़ा मोबाइल नंबर और LPG कंज्यूमर नंबर या LPG ID की जरूरत होती है।
Indane ग्राहक IndianOil ONE App पर जाकर LPG से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। इसके बाद e-KYC या आधार ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनकर अपनी LPG ID लिंक करें।
आधार ऑथेंटिकेशन के लिए सहमति देने के बाद FaceRD ऐप के जरिए फेस स्कैन पूरा करना होगा। इसके बाद वेरिफिकेशन सबमिट करके e-KYC का स्टेटस चेक किया जा सकता है।
Bharat Gas और HP Gas ग्राहक ऐसे करें e-KYC
Bharat Gas के ग्राहक कंपनी के Hello BPCL App के जरिए e-KYC प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
वहीं HP Gas उपभोक्ताओं के लिए कंपनी के HP Pay App के जरिए LPG e-KYC पूरी करने की सुविधा दी गई है।
इसलिए जिन घरेलू LPG ग्राहकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनके लिए 31 अगस्त की डेडलाइन अहम है।



