शिवहर: बिहार के शिवहर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा उत्तरी वार्ड नंबर-3 में बुधवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप है। मृतक की पहचान ललन कुमार, पिता भरत साह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ललन कुमार रात करीब 12 बजे एक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान कुछ लोगों को इसकी जानकारी हो गई। आरोप है कि लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि युवक के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है। पिपराही थाना अध्यक्ष उमाकांत सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के साथ मारपीट किसने की और घटना में कितने लोग शामिल थे।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। घटना के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।



