रांची: अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने फिलहाल अपना चरणबद्ध आंदोलन स्थगित कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर सरकार और संघ के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। नेपाल हाउस स्थित स्वास्थ्य विभाग के मंत्रालय में हुई बैठक में स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव और संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सरकार ने समाधान का दिया भरोसा
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। सरकार के रुख को देखते हुए संघ ने अपने आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद है कि तय समय के भीतर सरकार उनकी मांगों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 6 अक्टूबर से आंदोलन
संघ ने साफ किया है कि अगर निर्धारित समय में मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो 6 अक्टूबर 2026 से फिर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश मंत्री सह प्रभारी रामाशंकर प्रसाद समेत एंबुलेंस कर्मचारी संघ के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। फिलहाल सरकार के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन रोक दिया है। अब सभी की नजर सरकार की ओर से मांगों के समाधान के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर है।



