- रांची के डोरंडा में तेज आंधी और बारिश के बीच बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। चालक की सूझबूझ से सभी बच्चे सुरक्षित रहे।
Ranchi : राजधानी रांची में पिछले दो दिनों से जारी तेज बारिश और शुक्रवार सुबह से चल रही आंधी के बीच डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल बस पर अचानक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।
पेड़ गिरते ही चालक ने लगाया ब्रेक
डोरंडा के एजी मोड़ के पास तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के अनुसार, तेज बारिश और हवा के बीच स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस के ऊपर गिरने लगा।
पेड़ को गिरता देखकर चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिया और बस रोक दी। इससे बस में सवार बच्चों को चोट नहीं लगी। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति रही।
नगर निगम की टीम ने हटाया पेड़
घटना की जानकारी डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम को दी गई। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया।
पेड़ हटाए जाने के बाद रास्ता साफ किया गया और स्कूल बस को आगे रवाना कर दिया गया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में आवागमन सामान्य हो गया।
सभी बच्चे और चालक सुरक्षित
डोरंडा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस में सवार सभी बच्चे और चालक सुरक्षित हैं।
लगातार बारिश और तेज आंधी के कारण रांची में जनजीवन प्रभावित हुआ है। खराब मौसम के बीच स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बीच स्कूल जाने को मजबूर बच्चे
शहर के अधिकांश स्कूलों में फिलहाल परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में खराब मौसम के बावजूद बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई बच्चों के जूते और स्कूल ड्रेस भी भीगकर गंदे हो गए।
स्कूल प्रबंधन की ओर से बस चालकों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का निर्देश दिया गया है।




