Gaziabad : गाजियाबाद पुलिस में उस समय हड़कंप मच गया जब डायल-112 पर एक युवक ने ऐतिहासिक लाल किला को बम से उड़ाने की झूठी सूचना दी। जांच में खुलासा हुआ कि सूचना देने वाला व्यक्ति नशे का आदी है और अपने घरवालों से नाराज़ था क्योंकि वे उसकी शादी नहीं करवा रहे थे। पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अदाणी फाउंडेशन ने 150 टीबी रोगियों को दिया पोषण पैकेट – स्वस्थ गोड्डा की दिशा में सार्थक पहल
डीसीपी ग्रामीण एसएन तिवारी ने बताया कि सोमवार को आसिफ उर्फ आशू नामक व्यक्ति ने डायल-112 पर कॉल कर बताया कि उसके घरवाले – शादाब अख्तर, मुहम्मद मियाँ और अतर उर्फ भोला – 15 अगस्त को दिल्ली स्थित लाल किला को बम से उड़ाने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि कॉलर आसिफ, जो मूलतः हजियापुर, थाना बारादरी, बरेली का निवासी है और वर्तमान में राजधानी एन्क्लेव, गली नंबर-04, रामपार्क, थाना ट्रोनिका सिटी में रहता है, ने यह झूठी सूचना नशे की हालत में दी थी। पुलिस के अनुसार, उसने जानबूझकर आपातकालीन सेवाओं को गुमराह किया और अफवाह फैलाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी को रामपार्क चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ धारा 351(2)/353(1)(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और घरवाले उसकी शादी नहीं करवा रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी गुस्से में उसने अपने ही पिता और भाइयों को फंसाने के इरादे से झूठी सूचना दी। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने पहले भी लाल किला और जामा मस्जिद में बम लगाने की झूठी सूचनाएं दी थीं, जिनमें दिल्ली पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।



