Madhubani: ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं से चोरी करने के आरोप में नगर थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी समस्तीपुर जिले की रहने वाली हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद किए हैं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शकुंतला देवी, नेहा देवी और बिहुला देवी के रूप में हुई है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी महिलाएं ऑटो में यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाती थीं। मौका मिलते ही उनके गले से आभूषण या सामान चोरी कर लेती थीं।
ऑटो में सफर के दौरान महिला का लॉकेट चोरी
पुलिस के अनुसार, महंथी लाल चौक निवासी कांति देवी ऑटो से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान उनके गले से सोने का लॉकेट चोरी हो गया। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ऑटो में संदिग्ध तरीके से घूमने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ा और पूछताछ की।
दूसरी महिला का पर्स भी किया चोरी
इसी तरह गांधी चौक निवासी सरिता देवी के साथ भी ऑटो में चोरी की घटना हुई थी। ऑटो से सफर के दौरान उनका पर्स गायब हो गया था। पर्स में 5,500 रुपये रखे हुए थे। पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई और तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर सोने का लॉकेट और 5,500 रुपये बरामद कर लिए गए।
दूसरे मामलों की भी पड़ताल में जुटी पुलिस
गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के बाद पुलिस अब ऑटो में चोरी की अन्य घटनाओं का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तीनों महिलाओं के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मधुबनी में हुई चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर भी अहम जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


