New Delhi : रेल यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड ने एक बड़ा और राहतभरा फैसला लिया है। अब ट्रेनों का रिजर्वेशन चार्ट पहले की तुलना में काफी पहले तैयार किया जाएगा, जिससे वेटिंग लिस्ट और आरएसी टिकट वाले यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा। रेलवे ने पहली बार चार्ट तैयार करने के नियमों में बदलाव किया है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब एक दिन पहले रात 8 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा। वहीं दोपहर 2:01 बजे से रात 11:59 बजे तक और रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए पहला चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से पूरे 10 घंटे पहले तैयार होगा।
अब तक रेलवे में रिजर्वेशन चार्ट केवल 4 घंटे पहले बनता था, जिससे यात्रियों को आखिरी समय तक यह पता नहीं चल पाता था कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं। खासकर वेटिंग लिस्ट और आरएसी यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई बार दूर-दराज से स्टेशन पहुंचने के बाद टिकट कन्फर्म न होने की स्थिति बन जाती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।
रेल मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि वे समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना सकें। नए नियम से यात्रियों को होटल बुकिंग, बस या अन्य यात्रा विकल्प तय करने में भी आसानी होगी।
रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी जोनल रेलवे और डिवीजनों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले से यात्रियों की असुविधा कम होगी और रेलवे यात्रा अधिक सुगम बनेगी।

