Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले में शनिवार को कमला नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के रसियारी पुल के नीचे नदी में पुल के पिलर के पास फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नाव की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच है। शव कई दिनों तक पानी में रहने के कारण काफी खराब हो चुका है। इस वजह से फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
प्लास्टिक और साड़ी में लिपटा था शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। शव को साड़ी में लपेटने के बाद प्लास्टिक से बांधा गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शरीर की स्थिति काफी खराब है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।
दूसरे स्थान से बहकर आने की भी जांच
पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि शव किसी दूसरे स्थान से नदी के तेज बहाव में बहकर रसियारी पुल तक पहुंचा हो। पुलिस के अनुसार, कमला नदी मधुबनी की तरफ से बहते हुए दरभंगा में प्रवेश करती है और वर्तमान में नदी में पानी का बहाव तेज है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. नसीम ने बताया कि वह प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुल के नीचे नदी में पिलर के पास उन्हें प्लास्टिक में लिपटी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। नीचे जाकर देखने पर उसमें शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रसियारी पंचायत के चौकीदार संतोष पासवान के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर शव मिलने की सूचना दी थी। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद नाव की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए उसे 72 घंटे तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखने की व्यवस्था की है। इस दौरान आसपास के थानों से लापता लोगों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।



