Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में मवेशी तस्करी के शक में रविवार अहले सुबह जमकर हंगामा हुआ। पिस्का मोड़ के पास बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने मवेशियों को ले जाने के संदेह में एक पिकअप वैन को रोक लिया। इसके बाद चालक समेत तीन लोगों की पिटाई की गई और पिकअप वैन में आग लगा दी गई। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी भीड़ के विरोध और हमले का सामना करना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से हालात पर काबू पाया गया। मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीन गाड़ियों में मवेशी ले जाने की मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि गुमला मार्ग की ओर से तीन वाहनों में कथित तौर पर अवैध तरीके से मवेशियों को ले जाया जा रहा है। सूचना फैलने के बाद पिस्का मोड़ के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और वाहनों को रोकने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान दो वाहन भीड़ को चकमा देकर आगे निकल गए। वहीं, एक पिकअप वैन नियंत्रण खो बैठी और एक स्कॉर्पियो से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वैन रुक गई।
वैन रुकते ही चालक और दो साथियों को पीटा
पिकअप वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक और उसके दो साथियों को पकड़ लिया। तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वैन में लदे मवेशियों को बाहर निकाल दिया गया था। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पिकअप वैन में आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया और पूरी तरह जल गया।
पुलिस को भी करना पड़ा विरोध का सामना
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना और पंडरा ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक और उसके दोनों साथियों को भीड़ से बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोग पुलिस टीम से उलझ गए और हाथापाई की स्थिति बन गई। मामला बिगड़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रव कर रही भीड़ को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
दमकल की टीम ने बुझाई आग
पिकअप वैन में आग लगाए जाने की सूचना के बाद अग्निशमन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पिकअप वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पुलिस ने 9 लोगों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सीपी सिंह थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और कहा कि घटना में जो लोग दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को मामले में नहीं फंसाया जाना चाहिए।
रांची में तनाव के बीच पुलिस की निगरानी
पिस्का मोड़ की घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।


