Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर तथा संबंधित आधारभूत संरचना कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण तथा समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए आधुनिक और सुदृढ़ आधारभूत संरचनाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रोजेक्ट न केवल प्रशासनिक कार्यक्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि राज्य की प्रगतिशील छवि को भी सुदृढ़ बनाते हैं।
आधुनिक तकनीक और सतत निगरानी पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में नवीनतम तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन का उपयोग किया जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया और स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति, प्रगति रिपोर्ट और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी।



