Ranchi : झारखंड में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में शीतलहर का असर तेज हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कांके में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री रहा।
शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। गुमला, खूंटी, लातेहार, मेदिनीनगर, चतरा, बोकारो, सिमडेगा, कोडरमा, हजारीबाग, रांची और लोहरदगा समेत कई जिलों में शीतलहर का व्यापक असर देखा गया। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके रहे और बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकले।
12 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना है।
जिन जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है, उनमें
रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, गुमला, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा शामिल हैं।
तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे
सर्द हवाओं के कारण राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में तापमान सामान्य से चार डिग्री तक नीचे चला गया है।
बोकारो में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान लगभग चार डिग्री नीचे रहे, जबकि मेदिनीनगर का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज किया गया।
रांची में कड़ाके की ठंड
रांची में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 7.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3.9 डिग्री कम होकर 20.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे शहर में कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
धूप भी रही बेअसर
हालांकि दिन में धूप खिली रही, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण इसका असर बेअसर रहा। सुबह घना कुहासा छाया रहा, जो बाद में साफ हुआ। दिनभर 3 से 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
31 दिसंबर तक रांची में सभी स्कूल बंद
शीतलहर और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 31 दिसंबर तक सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।
धारा-163 के तहत केजी से 12वीं तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया है।
कोहरे से हवाई सेवा प्रभावित
घने कोहरे के कारण शुक्रवार को रांची एयरपोर्ट से 5 उड़ानें रद्द रहीं। इनमें इंडिगो की दो रांची-कोलकाता और एयर इंडिया एक्सप्रेस की तीन उड़ानें शामिल हैं। वहीं कुछ उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से रवाना हुईं।






