- प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय में शिक्षक दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मुकेश रंजन
Ranchi : शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय, पिठोरिया में शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाटक और कविता की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह ने पूरे विद्यालय परिसर को उल्लास और उमंग से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, आकर्षक नृत्य, लघु नाटक, कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुरु का मार्गदर्शन विद्यार्थी के भविष्य को नई ऊंचाई प्रदान करता है।
विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुजनों से प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और संस्कार जीवनभर उनका मार्गदर्शन करते हैं। शिक्षक दिवस उनके लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये रहे उपस्थित :
कार्यक्रम में पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन के निदेशक सुजीत कुमार केशरी, प्रधानाध्यापक विजय पांडे, सचित राणा, रंजीत तिर्की, नीरज देव, सुसित तिर्की, आशीष भूइंया, विनय कुल्लू, अनूप रंजन, संगीता केसरी, अमृता, प्रियंका, शबनम, मोनिका, शिवानी, नित्या, सरिता, सोबिता, सावधानी, आरती, हेमा एवं मार्गरेट सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।



