Koderma : स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 18 अगस्त 2026 को सदर अस्पताल, कोडरमा स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विभागीय और उपायुक्त के निर्देश पर होने वाला यह प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दो बैच में आयोजित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम नेस्ले कंपनी और NASVI (नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, खाद्य प्रबंधन और भोजन को साफ एवं सुरक्षित तरीके से तैयार करने के बारे में जानकारी दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता पर मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान ठेला-खोमचा संचालकों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के विभिन्न प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, शहर में ठेला-खोमचा और विभिन्न होटल-रेस्टोरेंट्स के निरीक्षण के दौरान यह सामने आया है कि कुछ खाद्य कारोबारी अभी भी अखाद्य रंग और मिलावटी हल्दी जैसी सामग्री का इस्तेमाल कर रहे हैं।
विभाग ने विशेष रूप से कैंसर कारक अखाद्य रंग (चंपइया रंग/पुड़िया रंग) के इस्तेमाल को लेकर खाद्य कारोबारियों को जागरूक करने की जरूरत बताई है।
सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स से प्रशिक्षण लेने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग, कोडरमा ने जिले के सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स और ठेला-खोमचा संचालकों से इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।
विभाग का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री तैयार करने के तरीकों की जानकारी देना है, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध हो सके।



