- एक बच्चे को हल्की चोट की सूचना, हादसे के बाद फिर उठी स्पीड ब्रेकर व बैरिकेडिंग की मांग
मुकेश रंजन
Ranchi : कांके थाना क्षेत्र के बुकरू चौक के समीप सोमवार की सुबह करीब सात बजे तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़ी डीएवी स्कूल बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना में एक बच्चे को हल्की चोट लगने की सूचना है। आसपास के लोगों के अनुसार, चौक के समीप तेज रफ्तार वाहनों के कारण पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

हादसे के बाद फिर उठी सुरक्षा व्यवस्था की मांग
बुकरू चौक पर हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक बार फिर प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चौक पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए लंबे समय से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है। लोगों ने कहा कि व्यस्त चौक पर वाहनों की तेज रफ्तार कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
दुर्गापूजा में उमड़ेगी भीड़, बढ़ी चिंता
बुकरू चौक के समीप कुछ दिनों बाद दुर्गापूजा को लेकर पूजा पंडाल में धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आरती के समय चौक के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों और पूजा समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूजा शुरू होने से पहले स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। शांति समिति की बैठक में भी पूजा समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन को बुकरू चौक की यातायात समस्या से अवगत कराया था।
कांके चौक से सीआइपी तक सुरक्षा इंतजाम जरूरी
स्थानीय लोगों ने कहा कि बुकरू चौक के अलावा कांके चौक पोस्ट ऑफिस, कॉलेज गेट और सीआइपी चौराहे पर भी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा उपाय जरूरी हैं। इन स्थानों पर दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। लोगों का कहना है कि समय रहते स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग अथवा अन्य आवश्यक यातायात सुरक्षा उपाय नहीं किये गये, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों की मांग है कि प्रशासन हादसे का इंतजार करने के बजाय पहले ही संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे।




