Jamshedpur: चक्रधरपुर रेल मंडल के बीरराजपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण टाटानगर और आसपास के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे ने 19 सितंबर से 23 सितंबर तक अलग-अलग दिनों में 15 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें टाटानगर और आदित्यपुर से चलने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा। ट्रेनों के रद्द होने का सीधा असर रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले कर्मचारियों, मजदूरों, छात्रों और कारोबारियों पर पड़ रहा है। टाटानगर और आदित्यपुर से आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को अब बस या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे उनके सफर का समय और खर्च दोनों बढ़ेंगे।
सरयू राय ने रेलवे से पूछा- यात्रियों की परेशानी का क्या होगा?
ट्रेनों के परिचालन में बदलाव को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्रालय और चक्रधरपुर रेल मंडल को टैग कर दैनिक यात्रियों के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है। सरयू राय ने सवाल उठाया कि अगर किसी निजी कंपनी की रेलवे साइडिंग से जुड़े काम के कारण कई दिनों तक लोकल ट्रेनों का परिचालन बंद रहता है, तो रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी का समाधान कौन करेगा। उन्होंने रेलवे से मांग की कि विकास कार्यों के साथ यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों के रद्द या प्रभावित होने की जानकारी यात्रियों को पहले से स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए। साथ ही जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
Also Read: सासाराम में विसर्जन जुलूस के दौरान भीषण हादसा, दो युवकों की मौत; डंपर फूंका, पुलिस पर पथराव
कौन-कौन सी ट्रेनें रहेंगी रद्द?
NI कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों पर निम्न ट्रेनें रद्द रहेंगी:
- 68085 टाटा-बरकाकाना मेमू: 19 से 22 सितंबर
- 68086 बरकाकाना-टाटा मेमू: 20 से 23 सितंबर
- 68055 आसनसोल-टाटा-आसनसोल मेमू: 20 से 22 सितंबर
- 68013/68014 खड़गपुर-टाटा-खड़गपुर मेमू: 20 से 22 सितंबर
- 68023/68024 जामदा-पुरी-जामदा मेमू: 20 से 22 सितंबर
- 68036 हटिया-टाटा मेमू: 21 सितंबर
- 68035 आदित्यपुर-हटिया मेमू: 22 सितंबर
- 18601/18602 टाटा-हटिया-टाटा एक्सप्रेस: 20 से 22 सितंबर
- 18114 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस: 19 से 21 सितंबर
- 18113 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस: 20 से 22 सितंबर
- 18019/18020 जामदा-धनबाद-जामदा एक्सप्रेस: 22 सितंबर
इन ट्रेनों को रास्ते में ही किया जाएगा समाप्त
कुछ ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा।
13301/13302 धनबाद-आद्रा-धनबाद एक्सप्रेस 20 से 22 सितंबर तक आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी। आद्रा से टाटानगर के बीच इसका परिचालन प्रभावित रहेगा।
वहीं, 13512/13511 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल एक्सप्रेस 20 और 22 सितंबर को आद्रा स्टेशन से ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। इन तारीखों में आद्रा और आसनसोल के बीच ट्रेन सेवा प्रभावित रहेगी।
रेलवे के इस बदलाव के कारण यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।


