Ranchi : कांके प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के कार्यालय की बदहाल स्थिति ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को प्रखंड उप प्रमुख अंजय बैठा ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और स्थिति देख कर गहरी नाराजगी जताई।

निरीक्षण के बाद उप प्रमुख ने कहा, कार्यालय की हालत देख ऐसा लगता है जैसे चोरों को खुला न्योता दिया जा रहा हो। उन्होंने बताया कि कार्यालय के दरवाजे पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, खिड़कियों की कुण्डियाँ टूटी हुई हैं और रस्सियों से बाँध कर काम चलाया जा रहा है।
Also Read : फहिमा अकादमी के विद्यार्थियों का सीबीएसई बोर्ड दसवीं और बारहवीं परीक्षा में रहा शानदार प्रदर्शन
महत्वपूर्ण दस्तावेज असुरक्षित, सुरक्षा व्यवस्था नाकाम:
मौके पर मौजूद प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक कुमार राव ने बताया कि कार्यालय में महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य कीमती सामान मौजूद हैं। लेकिन भवन की खराब स्थिति और सुरक्षा के अभाव में ये पूरी तरह असुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि कई बार इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार और पूर्व बीडीओ को लिखित सूचना दी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नशेड़ियों का अड्डा बना कार्यालय परिसर:
उप प्रमुख ने यह भी बताया कि रात के समय कार्यालय परिसर नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। कई बार खिड़कियों से अंदर गुटखा थूक दिया जाता है, जिससे कार्यालय की साफ-सफाई और मर्यादा प्रभावित होती है। दरवाजों की हालत इतनी खराब है कि एक हल्का धक्का भी उसे गिरा सकता है।
जल्द होगी कार्रवाई :
उप प्रमुख अंजय बैठा ने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर कार्यालय भवन की मरम्मती और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएंगे, ताकि कार्यालय में कार्यरत कर्मियों एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

