Ranchi: झारखंड में जून की शुरुआत बारिश के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 1 और 2 जून को राज्य के 11 जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। यह अनुमान खासतौर पर राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी जिलों के लिए जारी किया गया है।
Also Read : झारखंड के सीएम स्कूल्स में खराब रिजल्ट पर प्राचार्यों को नोटिस
विभाग के अनुसार जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिले शामिल हैं। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जैसे दक्षिणी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में सबसे अधिक 48.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे साफ है कि मानसून पूर्व गतिविधियां राज्य में सक्रिय हो रही हैं।
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डालटेनगंज में 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया।
शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, लेकिन तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दिन में गर्मी का सामना करना पड़ा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जमशेदपुर में 36.5, डालटेनगंज में 37.8, बोकारो में 34.1 और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक राहत मिल सकती है। बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर आवश्यक तैयारियां करने की सलाह दी गई है। किसानों को भी बारिश के मद्देनज़र खेतों की तैयारी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।






