बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला रायजादा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मोहल्ला रायजादा निवासी रिहान की डेढ़ वर्षीय पुत्री घर की छत पर अपने दादा के साथ खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतिम विदाई में दिखा भावुक कर देने वाला दृश्य
बच्ची के अंतिम संस्कार के दौरान एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला। परिवार का पालतू कुत्ता जनाजे के पीछे-पीछे कब्रिस्तान तक पहुंचा और अंतिम रस्मों के दौरान वहीं शांत बैठा रहा।
परिजनों ने बताया कि बच्ची अपने पिता के साथ अक्सर इस कुत्ते को बिस्कुट खिलाया करती थी। अंतिम संस्कार के दौरान भी उसे बिस्कुट खिलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने कुछ भी नहीं खाया। दफन की प्रक्रिया पूरी होने तक वह वहीं मौजूद रहा और बाद में परिवार के लोगों के साथ घर लौट आया।
कब्रिस्तान में मौजूद लोगों ने इस दृश्य को बेजुबान जानवर की वफादारी और मासूम बच्ची के प्रति उसके गहरे लगाव का प्रतीक बताया।



