Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बघान्त गांव के पासवान टोला में कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों पर पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा करने का आरोप है। इस दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी पर रोड़ेबाजी की गई, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। घटना में ASI राजेश सिंह के हाथ में चोट लगी है। वहीं, पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अजय पासवान ने चलती पुलिस गाड़ी से कूदने की कोशिश की, जिससे उसे भी चोट आई। उसे इलाज के लिए डीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
नशे में हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि बघान्त गांव के पासवान टोला में कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को नशे की हालत में हिरासत में लिया और उन्हें सरकारी वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान गणेशी पासवान के पुत्र अजय पासवान के पुलिस टीम से उलझने की बात सामने आई। पुलिस का आरोप है कि उसने हंगामा करते हुए वाहन में बैठे लोगों को छुड़ा लिया, जिसके बाद पुलिस टीम को वहां से लौटना पड़ा। इस मामले में मनीगाछी थाने में कांड संख्या 267/26 दर्ज की गई है। प्राथमिकी में अजय पासवान समेत छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
Also Read: SKMU में ABVP के दो छात्रों की भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी, तबीयत बिगड़ी; मेडिकल टीम ने की जांच
गिरफ्तारी के दौरान भी हुआ हंगामा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। गुरुवार देर रात बाजितपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार नेहरा, मोती कुमार और मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम वज्र वाहन के साथ बघान्त गांव के पासवान टोला पहुंची। पुलिस ने छापेमारी कर अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान उसके परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और हंगामा किया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और सरकारी वाहन से वहां से निकल गए।
पुलिस वाहन पर पत्थर मारने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गांव से करीब दो किलोमीटर आगे जाने के बाद चार बाइक पर सवार कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि एक बाइक सवार ने पुलिस वाहन के सामने आकर उसके शीशे पर पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से सरकारी वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस इस घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
चलती गाड़ी से कूदने के बाद आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक, अजय पासवान को सरकारी वाहन के पीछे दो सिपाहियों के साथ बैठाया गया था। इसी दौरान उसने पैर से वाहन के पिछले शीशे पर प्रहार कर उसे तोड़ दिया और चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। पुलिस बल ने उसे तुरंत पकड़ लिया। गाड़ी से कूदने के कारण अजय पासवान को चोटें आईं, जिसके बाद उसे डीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया। उसका इलाज जारी है। वहीं, घायल ASI राजेश सिंह का इलाज मनीगाछी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
पुलिस ने कार्रवाई जारी रखने की बात कही
बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि मनीगाछी में पुलिस के सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है और घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, शराब कारोबारियों और शराब के नशे में हंगामा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने कहा है कि ऐसी घटनाओं के बावजूद अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।



