- शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाहों से दूर रहने का दिया संदेश
Ranchi : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (खलारी) रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में बुढ़मू पुलिस ने उमेडंडा और चकमे गांव में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा सहित पुलिस के जवानों ने गांव के विभिन्न इलाकों में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और पारस्परिक सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की हिदायत दी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान शांति भंग करने या विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी सद्भाव और सतर्कता से ही पर्व की खुशियां सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जा सकती हैं।



