Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक मसाज पार्लर पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है। कंपनी बाग रोड स्थित बड़ी कर्बला रोड के एक मसाज पार्लर में शनिवार को पुलिस की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान संचालिका समेत छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, मसाज पार्लर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर डीआईयू, महिला थाना और नगर थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्लर की घेराबंदी की और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छह महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाओं में ज्यादातर मुजफ्फरपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की रहने वाली हैं।
व्हाट्सएप चैट से डील की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि ग्राहकों से संपर्क करने के लिए व्हाट्सएप का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि व्हाट्सएप ग्रुप और चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर कथित तौर पर डील तय की जाती थी। पुलिस ने मौके से बरामद छह मोबाइल फोन को जांच के लिए जब्त कर लिया है। इनमें मौजूद कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है।
पार्लर सील, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
छापेमारी के बाद पुलिस ने मसाज पार्लर को सील कर दिया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल सभी हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



