Dhanbad : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम प्रौद्योगिक विकास संस्थान द्वारा संचालित होम हाउस चिल्ड्रेन होम (बालिका गृह) से दो नाबालिग बच्चियां लापता हो गई हैं। संस्थान प्रबंधन के अनुसार, 12 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:27 बजे दोनों बच्चियां बिना किसी सूचना के परिसर से बाहर चली गईं।
काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो मामले की सूचना सरायढेला थाना और बाल कल्याण समिति (CWC) को दी गई। बताया गया है कि दोनों बच्चियों की उम्र 16 वर्ष से कम है और उन्हें सीडब्ल्यूसी के आदेश पर बालिका गृह में रखा गया था।
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और धनबाद के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी आसनसोल इलाके में भी तलाश की जा रही है।
संस्थान प्रबंधन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।