Ranchi : झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां अब जोर पकड़ने लगी हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश और बादलों की आवाजाही से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर में सर्वाधिक 70.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून सिस्टम सक्रिय होने के कारण मौसम के मिजाज में बदलाव आया है और आगामी दिनों में भी इसका प्रभाव बने रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आए बदलाव के चलते अधिकांश जिलों में गर्मी का असर कम हुआ है।
मौसम विभाग ने 11 जून के लिए राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में गर्जन, बारिश, वज्रपात तथा तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में 13 जून तक गर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।
रविवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया, लेकिन मौसम विभाग ने शाम के समय गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। बदलते मौसम के कारण राजधानी समेत कई इलाकों में लोगों को तपती गर्मी से राहत महसूस हुई।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
- रांची : अधिकतम 34.9, न्यूनतम 23.5
- जमशेदपुर : अधिकतम 37.2, न्यूनतम 25.4
- डाल्टनगंज : अधिकतम 37.6, न्यूनतम 26.7
- बोकारो : अधिकतम 35.5, न्यूनतम 23.6
- चाईबासा : अधिकतम 36.2, न्यूनतम 26.0


