- 8 नवंबर की मध्यरात्रि में होगी मां काली की पूजा, 9 नवंबर को खिचड़ी महाप्रसाद और भव्य जागरण से भक्तिमय होगी कांके की शाम
Mukesh Ranjan
Ranchi: कांके के ब्लॉक चौक में इस वर्ष श्रीश्री काली पूजा को भव्य एवं आकर्षक रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। पूजा के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को हनुमान मंदिर के संस्थापक पंकज सिंह की अध्यक्षता में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से श्रीश्री काली पूजा समिति का गठन किया गया। इसमें सूरज सिंह को अध्यक्ष, लव सिंह को सचिव तथा नीरज यादव को कोषाध्यक्ष चुना गया।
समिति के गठन के साथ ही पूजा की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां भी सौंप दी गईं। निशांत सिंह को मुख्य संयोजक बनाया गया। वहीं, मनोज केशरी, गौतम डे एवं गोविंद मित्रा को संयोजक तथा धर्मेंद्र नायक, रूपेश यादव और धीरज सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। बजरंगी को सह सचिव बनाया गया। इसके अलावा अमित तिवारी, राजेश द्विवेदी सहित 12 लोगों को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में डॉ. शंभू प्रसाद, टीके सिंह, बबलू मित्रा, सोनू तिवारी, मनोज सिन्हा एवं मंजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोगों को मुख्य संरक्षक बनाया गया। वहीं, डॉ. शशि भूषण सहित 24 लोगों को संरक्षक तथा 12 लोगों को सक्रिय सदस्य के रूप में समिति में शामिल किया गया।
समिति की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 8 नवंबर की रात 11 बजे से मां काली की पूजा-अर्चना शुरू होगी। इसके अगले दिन 9 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं, शाम 7 बजे से भव्य जागरण का आयोजन होगा। जागरण में भक्ति गीतों के माध्यम से मां काली की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
पूजा समिति ने आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। समिति के सदस्यों ने कहा कि मां काली की पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। पूरे आयोजन को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।



