- वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हुई पूजा-अर्चना, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ पंडाल निर्माण
मुकेश रंजन
Ranchi : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर मां दुर्गा के भव्य स्वागत की तैयारियां कांके में शुरू हो गई हैं। शिव मंदिर परिसर, कांके चौक में रविवार को श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, कांके के तत्वावधान में पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भूमि पूजन संपन्न होते ही पंडाल निर्माण का कार्य भी प्रारंभ हो गया।
भूमि पूजन का अनुष्ठान समिति के पुरोहित हिमांशु द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष महेश कुमार मनीष यजमान के रूप में पूजा-अर्चना में शामिल हुए। इस दौरान समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय वातावरण की कामना की।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा को भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए पूजा पंडाल को विशेष रूप देने की योजना है। भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम में मदन कुमार महतो, पंकज कुमार वर्मा, महेश कुमार मनीष, विनोद साहू, अशोक महतो, शालिग्राम महतो सहित दुर्गा पूजा समिति के कई सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। पूजा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।



