Ranchi : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राजधानी के डोरंडा स्थित वन भवन परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बहुप्रतीक्षित सिरमटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन करते हुए रांचीवासियों को एक बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी और डीजीपी अनुराग गुप्ता सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
Also Read : झारखंड बोर्ड इंटर आर्ट्स का रिजल्ट जारी, डायरेक्ट लिंक यहां
सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची स्थित वन भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुआ। सभी झारखंडवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाएं और जोहार।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम एक साथ दो महत्वपूर्ण अवसर मना रहे हैं — पहला, विश्व पर्यावरण दिवस, जो पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण का संदेश देता है। दूसरा, राजधानी रांची को एक अत्यंत आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात के रूप में सिरमटोली फ्लाईओवर मिल रहा है। उन्होंने पर्यावरणीय असंतुलन, पेड़ों की कटाई, बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी चिंता जताई और लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की।
फ्लाईओवर से मिलेगी राहत
सिरमटोली फ्लाईओवर राजधानी के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाएगा। इससे रांची के मेकॉन से सिरमटोली चौक तक लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। यह फ्लाईओवर वर्षों से रांचीवासियों की मांग रहा है, जिसका आज शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य जहां एक ओर पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था, वहीं दूसरी ओर राज्य के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना भी शामिल था।

