- बुढ़मू में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा-व्यवस्था से लेकर यातायात और स्वच्छता पर हुई चर्चा
मुकेश रंजन
Ranchi : आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बुढ़मू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। डीएसपी रामनारायण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रखंड की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष व सचिव, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी तथा गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। अधिकारियों ने पूजा समितियों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था, अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करना आवश्यक होगा। उन्होंने समितियों से निर्धारित समय पर विसर्जन जुलूस निकालने तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की। बैठक में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने पूजा के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान को लेकर सुझाव रखे। सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गापूजा संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक का संचालन समाजसेवी सरफराज अहमद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपप्रमुख हरदेव साहू ने किया। मौके पर बीडीओ धीरज कुमार, सदन साहू, तपेश्वर मिश्रा, शंकर साहू, याकूब अंसारी, एसआई प्रभाष रवानी सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।



