Lohardaga : जिले में अवैध बालू कारोबार पर कार्रवाई के दौरान बालू माफियाओं का दुस्साहस सामने आया है। सेन्हा थाना क्षेत्र में छापेमारी करने पहुंचे अंचल अधिकारी (CO) पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सरकारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अधिकारी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का गैरकानूनी उठाव हो रहा है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए जब वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद तत्वों ने विरोध शुरू कर दिया।
लाठी-डंडे और बेलचे से हमला
करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने CO और उनकी टीम पर लाठी-डंडे व बेलचे से हमला किया। हमलावरों ने ईंट-पत्थर चलाकर सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और अधिकारी को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
जब्त ट्रैक्टर से बालू उतारकर फरार
हंगामे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने जब्त ट्रैक्टर से बालू अनलोड किया और वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी भाग चुके थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रहे सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


