Bihar: बिहार के भागलपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसा तरैटा नारायणपुर इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने के कारण वे डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पानी से बाहर नहीं निकाला जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
स्नान करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने के लिए बाढ़ के पानी में गए थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक बड़ा हादसा हो चुका था। मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिनाक्षी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी की उम्र करीब 12 वर्ष के आसपास थी।
सुल्तानगंज के विष्णु टोला के रहने वाले थे सभी
बताया जा रहा है कि सभी मृतक सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले थे। एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के बीच भी हादसे को लेकर गहरा दुख है।
पूजा के दौरान पसरा मातम
कर्मा-धर्मा पूजा के लिए निकले बच्चों के साथ हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल है। बाढ़ के पानी में स्नान के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

