East SInghbhum : एक्सएलआरआई के फुटबॉल ग्राउंड में ऑन्सेंबल वलहल्ला के 26वें संस्करण का समापन सोमवार रात बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान के शानदार लाइव कॉन्सर्ट के साथ हुआ। तीन दिवसीय इस भव्य फेस्ट का अंतिम दिन ऊर्जा, उत्साह और संगीत के जादू से भर उठा। यह शाम एक्सएलआरआई और जमशेदपुर—दोनों के लिए यादगार बन गई।
सुनिधि चौहान ने मंच पर आते ही अपने सुपरहिट गीत ‘धूम मचा ले’ से समां बांध दिया। इसके बाद उन्होंने क्रेज़ी किया रे, हल्का-हल्का सुरूर, सजना जी वारी वारी, अल्लाह दुहाई है, बेताबी-बेताबी, और सात समुंदर पार जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को रोमांचित कर दिया। उनकी ऊर्जावान आवाज़ और दमदार स्टेज परफ़ॉर्मेंस ने दर्शकों को देर रात तक थिरकने पर मजबूर कर दिया।
करीब 10,000 से अधिक दर्शकों की मौजूदगी के बावजूद कार्यक्रम की व्यवस्थाएँ बेहद सुचारु रहीं। सुरक्षा, प्रवेश, भीड़ नियंत्रण और तकनीकी प्रबंधन इतना बेहतर रहा कि लोग निश्चिंत होकर संगीत का आनंद लेते रहे। एक्सएलआरआई के छात्रों के साथ देशभर के बी-स्कूलों से आए प्रतिभागी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
कॉन्सर्ट के दौरान कई बार सुनिधि चौहान ने दर्शकों को अपने साथ गुनगुनाने के लिए प्रेरित किया, और पूरा मैदान उनकी आवाज़ के साथ गूंज उठा। उनकी हर प्रस्तुति पर जोरदार तालियों और हूटिंग ने पूरे माहौल में एक अलग ही ऊर्जा भर दी।
इससे पहले तीन दिनों तक चले वलहल्ला में देशभर के बी-स्कूलों के छात्रों ने लगभग 60 प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक, खेल, संगीत, नृत्य और प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में छात्रों की रचनात्मकता और जोश देखने को मिला।



